पंचायत चुनाव समय से कराने और कार्यकाल बढ़ाने की मांग, प्रधान संगठन ने सौंपा ज्ञापन

टेन न्यूज़ !! २२ मई २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। अखिल भारतीय प्रधान संगठन जनपद कन्नौज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पंचायत चुनाव समय से कराए जाने अथवा ग्राम पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग उठाई।
अखिल भारतीय प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि सरकार और चुनाव आयोग समय से पंचायत चुनाव कराने में विफल रहे हैं। प्रधानों का आरोप है कि इससे उनके लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों की अनदेखी हो रही है।
प्रधान संगठन ने ज्ञापन में मांग की कि यदि किसी कारणवश समय पर पंचायत चुनाव संभव नहीं हैं तो ग्राम पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाया जाए, ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों।
संगठन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कोई निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता इसका जवाब चुनाव में देगी।
इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
टेन न्यूज़ कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।