श्री सनातन धर्म मंदिर में गूंजे माता के भजन, भक्ति में लीन हुईं महिलाएं![]()
नवरात्रि पर मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भजन-कीर्तन कर मांगी सुख-समृद्धि
टेन न्यूज ।। 12 अक्टूबर 2026 ।। अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो,
सितारगंज/उधमसिंह नगर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सितारगंज स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। नवरात्रि के दूसरे दिन बड़ी संख्या में महिलाएं मंदिर पहुंचीं और माता रानी की पूजा-अर्चना कर भजन-कीर्तन में भाग लिया। इस दौरान महिलाओं ने माता के भजनों पर नृत्य कर अपनी श्रद्धा और भक्ति प्रकट की।
मंदिर परिसर में सुबह से ही माता रानी के जयकारे गूंजते रहे। महिलाओं ने सामूहिक रूप से भजन गाकर मां दुर्गा की आराधना की और परिवार तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। भजन-कीर्तन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस मौके पर उपस्थित लक्ष्मी अग्रवाल ने बताया कि नवरात्रि के पूरे नौ दिनों तक मंदिर में इसी प्रकार भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से माता रानी के भजन गाने और कीर्तन करने से मन को शांति मिलती है तथा आत्मिक सुख का अनुभव होता है।
सितारगंज के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल श्री सनातन धर्म मंदिर में नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। मंदिर में महिलाएं और अन्य भक्त नियमित रूप से पहुंचकर मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं। नवरात्रि के चलते पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर नजर आ रहा है।