नगर प्रशासन की उदासीनता से सड़क पर जलभराव स्थानीय लोग परेशान

टेन न्यूज़ !! २६ फरवरी २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल औरैया। नगर पंचायत अजीतमल के वार्ड विद्यानगर स्थित शनिदेव मार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाली निर्माण न होने के कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी सीधे सड़क पर भर जाता है, जिससे क्षेत्र में कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। बारिश के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं, जबकि सामान्य दिनों में भी गंदा पानी सड़क पर जमा रहने से लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान ही नाली निर्माण कराया जाना चाहिए था, लेकिन अधूरी योजना के तहत कार्य कराए जाने का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से सड़क पर लगातार पानी भरा रहता है।
इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को पैदल आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी दिनेश कुमार, रोहित, शिव कुमार और कृष्णा कुमारी ने बताया कि जलभराव के कारण सड़क पर चलना तक मुश्किल हो गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष आशा चक ने बताया कि उक्त स्थान पर अभी नाली का निर्माण नहीं हुआ है।
नाली निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया कराई जाएगी।फिलहाल पानी की निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराई जा रही है। क्षेत्रीय लोगों ने नगर पंचायत से शीघ्र नाली निर्माण कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि गंदे पानी के कारण संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी रहती है।





