‘स्कूल चलो अभियान’ की गूंज: कन्नौज में नामांकन महाअभियान का भव्य शुभारम्भ, बच्चों का हुआ स्वागत
टेन न्यूज़ ii 01 अप्रैल 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज | उत्तर प्रदेश
बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारम्भ कन्नौज नगर क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग के साथ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी एवं विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
इस अवसर पर कक्षा 1 से 8 तक के 13 नवप्रवेशी बच्चों का माल्यार्पण कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और स्टेशनरी किट वितरित की गईं। साथ ही 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हुए 19 शिक्षकों को अंगवस्त्र, प्रशस्ति-पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने बच्चों द्वारा निकाली गई रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे, यह हम सभी की जिम्मेदारी है।” उन्होंने शिक्षकों से घर-घर संपर्क कर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। प्राथमिक विद्यालय कुंवरपुर बनवारी और उच्च प्राथमिक विद्यालय हैवतपुर कटरा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, नामांकन गीत और स्वागत गीत प्रस्तुत किए।
वहीं शैली मिश्रा ने पपेट शो के माध्यम से अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को स्टेशनरी किट और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर जनपद के सर्वाधिक नामांकन वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को भी सम्मानित किया गया, जिनमें गायत्री देवी, राजेश पाठक, राकेंद्र कुमार सक्सेना, सुमनलता यादव और ब्रजेश कुमार शामिल रहे।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी मधुलिका बाजपेई, आनंद द्विवेदी, शिक्षकगण, एसआरजी एवं विद्यालय स्टाफ मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन स्नेहलता द्विवेदी ने किया।
(टेन न्यूज़ कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट)

