गेहूं कटाई के दौरान मधुमक्खियों के हमले से किसान की मौत, पत्नी-पुत्री घायल
टेन न्यूज ii 08 अप्रैल 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शेखूपुर आधार सिंह में मंगलवार को खेत में गेहूं की कटाई करने गए एक किसान पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस घटना में किसान की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और आठ वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम भदनैया निवासी संतोष दोहरे (55) पुत्र सरमन अपनी पत्नी राजरानी और पुत्री अंजली के साथ खेत पर गेहूं की कटाई करने गए थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड उन पर हमला कर दिया।
हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि तीनों संभल नहीं सके और मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह मधुमक्खियों को भगाया।
इसके बाद गंभीर रूप से घायल संतोष को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में ही उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं राजरानी और अंजली का इलाज स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
प्रभारी निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मृतक संतोष अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र धर्मवीर व गजेंद्र तथा तीन पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
