अजीतमल में सूने घर से लाखों के सोने के जेवरात चोरी, पिस्टल और नकदी छोड़ी

सगाई समारोह में गया था परिवार, ताले बंद कर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
टेन न्यूज़ !! २३ अक्टूबर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के शास्त्री नगर में अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये कीमत के सोने के जेवरात चोरी कर लिए। चोर घर में रखी लाइसेंसी पिस्टल, नकदी और चांदी के सिक्कों को छोड़ गए। परिवार के लोग सगाई समारोह से देर रात लौटे तो चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
शास्त्री नगर निवासी उमेश कुमार अजीतमल ब्लॉक से वरिष्ठ लिपिक पद से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी मोहर श्री के साथ अछल्दा में अपनी मुंहबोली बहन के यहां आयोजित सगाई समारोह में शामिल होने गए थे। दोपहर करीब तीन बजे उनके साथ रहने वाला भतीजा मेहरबान भी अपनी पत्नी सुजाता सिंह और बच्चों के साथ समारोह में चला गया। इस दौरान घर के मुख्य गेट और कमरों पर ताले लगे थे।
रात करीब 10 बजे परिवार के लोग वापस लौटे तो मुख्य गेट और कमरे के ताले बंद मिले। घर के अंदर पहुंचने पर मोहर श्री ने अलमारी खोली तो जेवरात के बॉक्स खाली पड़े मिले। पास में रखी तिजोरी का ताला भी टूटा हुआ था और उसमें रखे सोने के जेवरात गायब थे।
परिजनों के मुताबिक, चोर सोने के हार, चूड़ियां, अंगूठियां, मांग टीका समेत अन्य जेवरात ले गए। इनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। हैरानी की बात यह रही कि घर में रखी लाइसेंसी पिस्टल, नकदी और चांदी के सिक्कों को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया।
परिजनों के अनुसार, तिजोरी की चाबी नहीं मिलने पर चोरों ने उसका ताला तोड़ दिया, जबकि अलमारी, कमरे और मुख्य गेट के ताले चाबी से खोले जाने की आशंका है। वारदात के बाद चोरों ने ताले दोबारा बंद कर दिए, ताकि परिवार को चोरी का तत्काल पता न चल सके। मोहल्ले में किसी परिचित के शामिल होने की आशंका को लेकर भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कोतवाली प्रभारी विनोद राजपूत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। ताले चाबी से खोलकर चोरी किए जाने की आशंका है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।