शाहजहांपुर में सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने एम-पैक्स भवन का किया लोकार्पण![]()
नवीनीकृत भवन और किसान शेड से किसानों को मिलेगी सुविधा, नत्थापुर समिति में कार्य-व्यवसाय का शुभारंभ
टेन न्यूज ।। 21 अक्टूबर 2026 ।। डीपी सिंह@डेस्क न्यूज
शाहजहांपुर। प्रदेश के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने बुधवार को जनपद के पुवायां विकासखंड के अंतर्गत एम-पैक्स दिउरिया गुटैया के नवीनीकृत भवन एवं परिसर के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने 100 मीट्रिक टन क्षमता वाले समिति गोदाम के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भी उद्घाटन किया। साथ ही नवगठित एम-पैक्स नत्थापुर में कार्य-व्यवसाय का विधिवत शुभारंभ किया।![]()
कार्यक्रम के दौरान सहकारिता मंत्री ने समिति भवन, परिसर और किसानों की सुविधा के लिए बनाए गए किसान शेड का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सहकारी समितियों पर उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के उद्देश्य से प्रत्येक समिति को 15 लाख रुपये की ब्याज मुक्त क्रेडिट गारंटी उपलब्ध कराई गई है। इससे समितियों को खाद का पर्याप्त भंडार रखने में मदद मिल रही है और किसानों को उर्वरक के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है।![]()
उन्होंने बताया कि सहकारी समितियों को आधुनिक एवं पारदर्शी बनाने के लिए कंप्यूटराइजेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। किसान अब समितियों पर क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान भी कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त प्रत्येक समिति पर दो किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट लगाए जाने की पहल की गई है, जिससे बिजली की समस्या कम होगी और समिति का कामकाज सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा।
विधायक ने की सहकारिता विभाग के कार्यों की सराहना
कार्यक्रम में पुवायां विधायक चेतराम ने कहा कि समिति के भवन और परिसर के सौंदर्यीकरण से किसानों का सहकारी समितियों के प्रति आकर्षण बढ़ रहा है। किसानों को समय से खाद उपलब्ध होने से उन्हें काफी राहत मिल रही है। उन्होंने सहकारिता विभाग के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक शाहजहांपुर के प्रतिनिधि धर्मेंद्र प्रताप सिंह राठौर, विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय यादव, डॉ. गणेश गुप्ता, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, जिला सहकारी बैंक के सचिव एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौरभ, अपर जिला सहकारी अधिकारी आनंद, हरिकेश और संजय सहित एडीओ राजेश, राकेश, विभागीय अधिकारी, क्षेत्रीय किसान एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।