तिलहर में,,,हजरत सैयद शाह शमसुद्दीन मियां के सालाना उर्स पर निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन

टेन न्यूज़ !! ०२ जनवरी २०२६ !!अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर
नगर स्थित हजरत सैयद शाह शमसुद्दीन मियां के सालाना उर्स शरीफ के मुबारक मौके पर मानव सेवा के उद्देश्य से निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। इस मेडिकल कैंप में प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. गौरव कौशल ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं और करीब 295 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
मेडिकल कैंप में क्षेत्र के आसपास के बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। कैंप में सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार, पेट संबंधी रोग, त्वचा रोग, जोड़ों के दर्द, एलर्जी, कमजोरी एवं अन्य सामान्य बीमारियों से पीड़ित लोगों की जांच की गई। डॉ. गौरव कौशल ने मरीजों को उचित परामर्श देते हुए नियमित दवा सेवन, संतुलित आहार और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
सज्जादा नशीन इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां ने बताया कि सालाना उर्स के अवसर पर केवल धार्मिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन भी किया जाता है, ताकि समाज के जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल सके। मेडिकल कैंप के सफल आयोजन में उर्स कमेटी के पदाधिकारियों व स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा, जिन्होंने मरीजों के पंजीकरण, जांच व्यवस्था और दवा वितरण में सक्रिय भूमिका निभाई।
मेडिकल कैंप के अंत सज्जादा नशीन इकबाल हुसैन उर्फ फूलमियां द्वारा डॉ. गौरव कौशल का आभार व्यक्त किया गया वही स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाएं वितरित की गई।






