औरैया में बांट-माप विभाग का सघन जांच अभियान, व्यापारियों में हड़कंप

चार दर्जन प्रतिष्ठानों की जांच, बिना सत्यापन वाले इलेक्ट्रॉनिक कांटों पर कार्रवाई; मिठाई डिब्बे सहित तौलने का मामला भी पकड़ा
टेन न्यूज़ !! ३० अक्टूबर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। बांट-माप विभाग ने सहायक नियंत्रक, कानपुर संभाग के निर्देश पर दो दिवसीय सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिधूना की लोहा मंडी, बिधूना रोड, बेला रोड और कस्बा सहार के बाजार में करीब चार दर्जन व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। विभाग की कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
अभियान में बांट-माप विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक पी. यादव और सहायक निरीक्षक संजय कुमार कश्यप ने प्रतिष्ठानों पर इस्तेमाल किए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक कांटों और अन्य तौल उपकरणों की जांच की। जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों पर बिना सत्यापन मुहर वाले इलेक्ट्रॉनिक कांटे और बांट इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। विभाग ने ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की।
मिठाई डिब्बे सहित तौलने का मामला पकड़ा
जांच के दौरान कस्बा सहार स्थित बंगाली मिष्ठान भंडार पर ग्राहक को डिब्बे सहित मिठाई तौलकर देने का मामला भी सामने आया। विभाग के अनुसार, इस तरह डिब्बे का वजन मिठाई में शामिल करके ग्राहक से कीमत वसूलना घटतौली की श्रेणी में आता है।
इसके अलावा जिन व्यापारियों ने मौके पर सत्यापन एवं मुद्रांकन प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं किए, उनके खिलाफ विभाग ने विधिक कार्रवाई करते हुए चालान किए।
बांट-माप विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य ग्राहकों को सही तौल और निर्धारित माप के अनुसार सामान उपलब्ध कराना तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों में तौल उपकरणों के नियमानुसार इस्तेमाल को सुनिश्चित करना है।
रिपोर्ट: रामजी पोरवाल, ब्यूरो चीफ औरैया
रिपोर्टर एवं कैमरामैन: सहवान अली