कांड में जैतीपुर थाना प्रभारी निलंबित, सिपाही की गिरफ्तारी के बाद बड़ी कार्रवाई![]()
टेन न्यूज ii 11 जून 2026 ii पप्पू अंसारी
कटरा/शाहजहांपुर। थाना जैतीपुर में तैनात एक आरक्षी के रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार होने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रथम दृष्टया मामले को गंभीर मानते हुए की गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन टीम) ने थाना जैतीपुर में छापेमारी कर तैनात आरक्षी विवेक कुमार को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई से थाना परिसर में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों के मुताबिक, एंटी करप्शन टीम के पहुंचने के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार कथित रूप से थाना परिसर की दीवार फांदकर वहां से चले गए थे। घटना के बाद पूरे मामले की गंभीरता से समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने प्रथम दृष्टया लापरवाही और संदिग्ध भूमिका को देखते हुए थाना प्रभारी अश्वनी कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं गिरफ्तार आरक्षी विवेक कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निष्पक्ष जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।