रायबरेली के शहीद प्रदीप शर्मा को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

टेन न्यूज़ !! ११ मार्च २०२६ !! वसीम खान ब्यूरो, रायबरेली। जम्मू-कश्मीर के डोडा में ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए रायबरेली के लाल प्रदीप कुमार शर्मा का पार्थिव शरीर मंगलवार को उनके पैतृक गांव गहरौली पहुंचा। जैसे ही तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर गांव की सीमा में पहुंचा, पूरा क्षेत्र “भारत माता की जय” और “प्रदीप शर्मा अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।
सरेनी थाना क्षेत्र के गहरौली गांव निवासी प्रदीप कुमार शर्मा भारतीय सेना की 19वीं सिख रेजिमेंट में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान पहाड़ी क्षेत्र में सेना का वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें वह शहीद हो गए।
गांव में पसरा मातम, उमड़ा जनसैलाब
शहीद प्रदीप अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। जैसे ही उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया। अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग उमड़ पड़े। हर आंख नम थी और हर दिल अपने वीर सपूत की शहादत पर गर्व और गम से भरा हुआ था।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शहीद प्रदीप वर्ष 2010 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वह अपने पीछे पत्नी कल्पना शर्मा और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
शहीद का अंतिम संस्कार बक्सर घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान सेना की टुकड़ी और पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर वीर सपूत को अंतिम सलामी दी। मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
रायबरेली जनपद का हर नागरिक आज इस जांबाज सैनिक की शहादत पर गर्व करते हुए उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि दे रहा है।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट।






