विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित, किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने का दिया गया संदेश

टेन न्यूज़ !! १९ जून २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। केंद्र सरकार के सफल एवं जनकल्याणकारी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं कृषि प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पार्टी जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास तथा पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य ने कहा कि प्राकृतिक खेती समय की आवश्यकता है। इसका उद्देश्य केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि मानव स्वास्थ्य, मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण को भी सुनिश्चित करना है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा।
जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है तथा मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने प्राकृतिक खेती को स्वस्थ समाज और समृद्ध कृषि व्यवस्था की आधारशिला बताया।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्राकृतिक खेती एक प्रभावी विकल्प है। उन्होंने किसानों को फसल चक्र अपनाने, मोटे अनाजों की खेती को बढ़ावा देने, जल संरक्षण करने तथा फसल अवशेष न जलाने की सलाह दी।
पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि भारत की कृषि परंपरा में प्राकृतिक खेती का विशेष महत्व रहा है। विकसित भारत के निर्माण में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्राकृतिक खेती इस दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो सकती है।
कार्यशाला में कृषि वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों ने जीवामृत, घन जीवामृत, गौ-आधारित प्राकृतिक खेती, गोबर एवं गोमूत्र के उपयोग, प्राकृतिक कीट नियंत्रण, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा कम लागत में अधिक उत्पादन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। किसानों ने विशेषज्ञों से संवाद कर प्राकृतिक खेती के बारे में उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के उपरांत अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास, कृषि एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में किसानों एवं आमजन के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, जनप्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
टेन न्यूज़ कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट