कांवड़िए की मदद को आगे आए फतेहगंज पूर्वी पुलिस के जवान, सिपाही नीरज कुमार ने पेश की इंसानियत की मिसाल

टेन न्यूज़ !! २६ अगस्त २०२६ !! राकेश कुमार/रामवीर
बरेली। सावन के चौथे सोमवार और पवित्र सावन माह को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी सुविधा और सहायता के लिए पुलिसकर्मी भी लगातार मुस्तैद नजर आ रहे हैं। इसी बीच बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र से पुलिस के मानवीय और संवेदनशील चेहरे की तस्वीर सामने आई है, जिसकी क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में थाना फतेहगंज पूर्वी के सिपाही नीरज कुमार एक कांवड़िए की मदद करते नजर आ रहे हैं। वीडियो को पहली नजर में देखने पर ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिसकर्मी स्वयं कांवड़ लेकर चल रहे हैं, लेकिन बाद में सामने आई जानकारी के अनुसार कांवड़िए के पैर में परेशानी होने के कारण सिपाही नीरज कुमार उसकी मदद के लिए आगे आए थे।
सिपाही नीरज कुमार ने कांवड़िए को सहारा देने के साथ उसकी कांवड़ भी संभाली और उसे शिव मंदिर तक पहुंचाने में सहायता की। पुलिसकर्मी के इस सेवा भाव और मानवीय पहल की स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने सराहना की।
बताया जाता है कि सिपाही नीरज कुमार का सेवा भाव कोई पहला उदाहरण नहीं है। वह इससे पहले भी कई मौकों पर गौ सेवा में अपना योगदान दे चुके हैं। ड्यूटी के साथ जरूरतमंदों की मदद और सेवा के प्रति उनकी संवेदनशीलता पुलिस की मानवीय छवि को सामने लाती है।
कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की मदद किए जाने से लोगों में भी सकारात्मक संदेश पहुंच रहा है। सिपाही नीरज कुमार की इस पहल की सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हो रही है।
रिपोर्टर— राकेश कुमार रामवीर