पीलीभीत: मझोला में श्री गुरु गोविंद सिंह जी प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल
टेन न्यूज़ ii 04 जनवरी 2026 ii रामचंद्र सक्सेना ब्यूरो, पीलीभीत।
जनपद के मझोला क्षेत्र में श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर भव्य नगर कीर्तन शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। नगर कीर्तन में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता की। पूरे नगर में धार्मिक वातावरण व्याप्त रहा और “धन-धन दशमेश गुरु” के जयकारों से माहौल गूंज उठा।
इस अवसर पर गुरु गोविंद सिंह जी महाराज को संत-सिपाही, धर्म के रक्षक तथा अपने संपूर्ण परिवार का बलिदान देकर हिंदू समाज की रक्षा करने वाले महान योद्धा के रूप में स्मरण किया गया।
नगर कीर्तन के स्वागत में श्रद्धालुओं द्वारा दूध-जलेबी की सेवा की गई, जिसे लोगों ने प्रसाद रूप में ग्रहण किया। पंच प्यारों को सरोपा भेंट कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व चेयरमैन अजय गोयल, क्षेत्र पंचायत सदस्य जादवपुर सतनाम सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता मनजिंदर सिंह, प्रमुख व्यापारी विजय भाटिया, अशोक भाटिया, विनोद गर्ग, गौरव गर्ग, नितिन गोयल, विशाल वाल्मीकि, सुनील तिवारी, मनीष पटेल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नगर कीर्तन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र थाना नेवरिया एसओ सुभाष मौर्य सहित मझोला चौकी का समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में गुरु महाराज से सर्वदा कृपा बनाए रखने की अरदास की गई।






