दीपावली पर घटतौली रोकने को मिठाई, सराफा और गैस एजेंसियों पर छापेमारी

औरैया में कई प्रतिष्ठानों की जांच, तीन मिठाई दुकानों पर कम तौल मिलने का दावा; कमियां मिलने पर नोटिस जारी
टेन न्यूज़ !! ०४ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। दीपावली के त्योहार पर ग्राहकों को घटतौली से बचाने के लिए विधिक माप विज्ञान (वांट-माप) विभाग ने जनपद में मिठाई की दुकानों, सराफा प्रतिष्ठानों और गैस एजेंसियों पर छापेमारी कर जांच की। कार्रवाई के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं मिलने पर विधिक कार्रवाई की गई और संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
सहायक नियंत्रक विधिक माप विज्ञान, कानपुर संभाग के आदेश पर वरिष्ठ निरीक्षक जीपी यादव और सहायक निरीक्षक संजय कुमार की टीम ने बिधूना की लोहा मंडी, सहार, बेला, अछल्दा, याकूबपुर और सदर औरैया सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिष्ठानों की जांच की।
मिठाई की दुकानों पर मिली घटतौली
विभागीय जांच के अनुसार, सदर औरैया स्थित रमाकांत स्वीट हाउस, सुभाष चौक और राधे-राधे स्वीट हाउस में तौल की मात्रा सही पाई गई। वहीं, यमुना रोड जालौन चौराहे के श्री कान्हा जी स्वीट हाउस और श्री बांके बिहारी स्वीट हाउस तथा आशा देवी मंदिर जालौन चौराहे के बंगाली स्वीट हाउस में मिठाई की घटतौली मिलने की बात सामने आई।
गैस एजेंसी और सराफा प्रतिष्ठानों की जांच
याकूबपुर स्थित इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी में इस्तेमाल किए जा रहे तौल उपकरण का दोबारा सत्यापन और मुद्रांकन नहीं कराया गया था। इस पर विभाग ने विधिक कार्रवाई की। जांच के दौरान एक अन्य गैस एजेंसी बंद मिली।
सराफा प्रतिष्ठानों में आराध्या ज्वेलर्स, नुमाइश ग्राउंड के पास तिलक नगर की तौल मशीन सत्यापित पाई गई। इसके विपरीत, श्री लक्ष्मी ज्वेलर्स एंड ब्रेकर्स की तौल मशीन असत्यापित मिली। ओम जी ज्वेलर्स, तिलक नगर और एमजी ज्वेलर्स, खानपुर चौराहे पर इलेक्ट्रॉनिक कांटों का सत्यापन सही पाया गया।
विभागीय टीम ने जांच के दौरान मिली कमियों के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस जारी किए और आवश्यक विधिक कार्रवाई की। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान ग्राहकों को सही तौल में सामान उपलब्ध कराना और घटतौली पर अंकुश लगाना है।