ग्राम प्रधानों की समीक्षा बैठक में अधिकार व भुगतान मुद्दों पर हुई चर्चा

टेन न्यूज़ ii 09 अप्रैल 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। जनपद के अजीतमल विकास खंड सभागार में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम प्रधानों के अधिकार, विकास कार्यों में आ रही बाधाएं तथा भुगतान से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का आयोजन पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन, औरैया (उ.प्र.) के तत्वावधान में किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रधान प्रतिनिधि आदित्य राजपूत ने की।
मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष ग्राम प्रधान संगठन उत्तर प्रदेश कौशल किशोर पाण्डेय ने ग्राम प्रधानों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर विकास की जिम्मेदारी प्रधानों के कंधों पर होती है, इसलिए उनके अधिकारों की सुरक्षा और समय पर भुगतान सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
कौशल किशोर ने कहा कि “ग्राम प्रधान गांव की सरकार के आधार स्तंभ हैं। यदि उनके अधिकारों का हनन होगा या भुगतान में देरी होगी तो विकास कार्य प्रभावित होंगे।
संगठन इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है और आगे भी रहेगा।”बैठक के दौरान विभिन्न प्रधानों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं और संगठन के माध्यम से उनके समाधान के लिए आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया। साथ ही संगठन को और अधिक सशक्त और सक्रिय बनाने पर भी बल दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन ब्रह्मा नन्द दोहरे ने किया। इस अवसर पर करीब आधा सैकड़ा ग्राम प्रधान एवं प्रधान प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रमुख रूप से प्रधान संघ जिलाध्यक्ष नीरज चौहान सहित प्रधान श्यामू यादव, लल्लू राजपूत, राजेश तिवारी, कमल सिंह, सोबरन सिंह, टिल्लू राजपूत, नूरुद्दीन, वारसी, गिरजा शंकर, आसाराम गुर्जर तथा प्रधान प्रतिनिधि सोबरन सिंह दोहरे व राजवीर राजपूत आदि रहे।
