• Thu. Apr 2nd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

डीएम की अध्यक्षता में सदर तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, “फरियादियों की संतुष्टि सरकार की प्राथमिकता”: जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह

ByTen News One Desk

Oct 19, 2025
84 Views

डीएम की अध्यक्षता में सदर तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, “फरियादियों की संतुष्टि सरकार की प्राथमिकता”: जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह



अधिकारियों को मिला निर्देश — शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें


टेन न्यूज़ !! १९ अक्टूबर २०२५ !! रिपोर्ट : डेस्क न्यूज़, लोकेशन : शाहजहांपुर


शाहजहांपुर में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सदर तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में ग्राम सिकंदपुर कला के निवासी श्रीपाल सिंह उर्फ भीम सिंह, श्याम सिंह और हरनाम सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी कृषि भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। इस पर डीएम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि अवैध कब्जा हटवाया जाए और कब्जा करने वालों के खिलाफ एंटी भू-माफिया कानून के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस शासन की जनसुनवाई व्यवस्था का सबसे प्रभावी मंच है। प्रत्येक अधिकारी का दायित्व है कि वह शिकायतों का निस्तारण न केवल त्वरित रूप से करें, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी मामले में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा,“जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण ही सुशासन की पहचान है। शासन की मंशा है कि कोई भी फरियादी बार-बार एक ही शिकायत लेकर न आए।”

सदर तहसील में इस दौरान कुल 38 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 07 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, एसडीएम सदर संजय कुमार पांडेय, पीडी डीआरडीए अवधेश राम सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। टेन न्यूज़ के लिए शाहजहांपुर डेस्क रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!