• Fri. Apr 3rd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

राजस्व वाद निस्तारण में शाहजहांपुर पूरे प्रदेश में बना नम्बर वन! राजस्व वसूली में लापरवाही नहीं चलेगी: डीएम

ByTen News One Desk

Jun 18, 2025
134 Views

राजस्व वाद निस्तारण में शाहजहांपुर पूरे प्रदेश में बना नम्बर वन! राजस्व वसूली में लापरवाही नहीं चलेगी: डीएम



टेन न्यूज़ !! १८ जून २०२५ !! डीपी सिंह@डेस्क न्यूज़, शाहजहांपुर


जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर, सीएम डैशबोर्ड, राजस्व वाद, कानून व्यवस्था, चकबंदी वाद, खनन कार्य, खाद्य एवं औषधि विभाग व राजस्व वसूली की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ने राजस्व वाद निस्तारण में जनपद को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त होने पर सभी अधिकारियों को बधाई दी और निर्देश दिया कि इसी गति से कार्य करते हुए वादों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली हर हाल में पूरी होनी चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई अधिकारी वसूली में शिथिलता बरतता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने परिवहन, आबकारी, खनन आदि विभागों को लक्षित राजस्व वसूली हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कर-करेत्तर एवं राजस्व वसूली के संबंध में निर्देश दिया कि लंबित राजस्व वादों को शीघ्र सुनवाई कर प्राथमिकता से निस्तारित किया जाए। साथ ही उन्होंने शिकायत निस्तारण, खतौनी अशं निर्धारण, स्वामित्व योजना और खतौनियों के दाखिलों की प्रगति बढ़ाने पर बल दिया।

बैठक में वाट-माप अधिकारी की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।साथ ही उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि रात्रि भ्रमण कर अवैध खनन पर रोक लगाई जाए और पूर्व में खनन किए गए स्थानों पर जुर्माना लगाया जाए।
चकबंदी के अद्यतन कार्यों की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि संबंधित ग्रामों के कास्तकारों की आपत्तियों का समय से निस्तारण कर चकबंदी प्रक्रिया को पूर्ण कराया जाए।

सीएम डैशबोर्ड पर लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण हेतु निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने गुंडा एक्ट, एनडीपीएस, गैंगस्टर एक्ट जैसे मामलों की भी विस्तार से समीक्षा की।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्रा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राशिद अली, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेन्द्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *