नगर व ग्रामीण अंचल में धूमधाम से मनाया गया श्री हनुमान जन्मोत्सव

वंशी वाले मंदिर पर सुंदरकांड पाठ के बाद सवा कुंटल बूंदी लड्डू का भोग
टेन न्यूज़ !! ०३ अप्रैल २०२६ !! अमुक सक्सेना, तिलहर – शाहजहांपुर।
श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा और उल्लास के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। हाईवे पर कच्छियानी स्थित हनुमत धाम सहित कई मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
गुरुवार को क्षेत्र के कच्छियानी स्थित हनुमत धाम पर हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में अंजनी पुत्र की विधि-विधान से पूजा की गई। भक्तों ने विभिन्न व्यंजनों का भोग अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
नगर के प्रसिद्ध वंशी वाले मंदिर में ममतेश गुप्ता ने सहयोगियों के साथ सवा कुंटल बूंदी के लड्डू का भोग लगाया। यहां पंडित अंकित मिश्रा एवं आकाश मिश्रा के सानिध्य में संगीतमय सुंदरकांड पाठ आयोजित हुआ तथा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में कच्छियानी हनुमान मंदिर के निकट बाबू अली के भूखंड पर 21 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन हुआ। अनुष्ठान से पूर्व क्षेत्र में पैदल और ट्रैक्टर-ट्रॉली पर देव स्वरूप झांकियों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने जय श्री राम और बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। रात्रि में जागरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
मंदिरों के बाहर भक्तों द्वारा मीठा शरबत, पूरी-सब्जी, मिष्ठान और हलवा का वितरण किया गया। नगर के श्री बालाजी दरबार मंदिर, गुसाईं जी महाराज मंदिर, रस्तोगी दशाला मंदिर एवं घोड़ी वाले बाबा मंदिर सहित अन्य स्थानों पर भी जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
वहीं कपसेडा में बाबा जानकी महाराज मेले के दौरान समिति सदस्यों ने हवन-पूजन कर हनुमंत लाल को भोग अर्पित किया। कार्यक्रम में व्यापारी नेता सौरभ गुप्ता समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस क्षेत्राधिकारी ज्योति यादव एवं कोतवाल जुगल किशोर पाल भारी पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहे।
