• Wed. May 20th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कन्नौज में सपा का महंगाई व भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

ByTen News One Desk

May 20, 2026
6 Views

कन्नौज में सपा का महंगाई व भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन


टेन न्यूज़ !! २० मई २०२६ !! प्रभाष चंद्र ब्यूरो, कन्नौज (उत्तर प्रदेश)।

कन्नौज में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। सदर विधानसभा अध्यक्ष पीपी सिंह बघेल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में सपा नेत्री शशिमा सिंह दोहरे की अगुवाई में सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद-बीज तथा कृषि से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कन्नौज को सौंपा गया।

इस मौके पर सदर विधानसभा अध्यक्ष पीपी सिंह बघेल ने कहा कि देश और प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई से आम जनता का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पेट्रोल-डीजल, खाद्य पदार्थों, रसोई गैस, खाद-बीज और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम बढ़ने से किसानों, मजदूरों, गरीबों, कर्मचारियों, व्यापारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कार्यक्रम की आयोजक सपा नेत्री शशिमा सिंह दोहरे ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सही तरीके से नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो रहे हैं, जिससे खेती की लागत बढ़ रही है और उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है।

इस दौरान समाजवादी युवजनसभा के प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन ने सरकार से मांग की कि महंगाई पर तत्काल नियंत्रण किया जाए, भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जाए और किसानों व आम जनता को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ज्ञापन पर कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर आगे भी सड़कों पर आंदोलन करती रहेगी।

बाइट – पीपी सिंह बघेल, सदर विधानसभा अध्यक्ष
“महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। सरकार को तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए, नहीं तो समाजवादी पार्टी जनता के साथ मिलकर संघर्ष तेज करेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!