साप्ताहिक परेड में पुलिस अधीक्षक ने ली सलामी, व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

टेन न्यूज़ !! २० फरवरी २०२६ !! डीपी सिंह डेस्क@ शाहजहाँपुर
आज दिनांक 20 फरवरी 2026 को शाहजहाँपुर स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड में पुलिस अधीक्षक द्वारा सलामी लेने के उपरांत परेड का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी पुवायाँ भी उपस्थित रहे। परेड की शुरुआत विधिवत सलामी के साथ हुई।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने जवानों की वर्दी, टर्नआउट, शस्त्र संचालन, ड्रिल, अनुशासन एवं एकरूपता का सूक्ष्म परीक्षण किया तथा आवश्यक सुधार हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद उन्होंने स्वयं परेड के साथ दौड़ लगाकर पुलिस बल का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए शारीरिक फिटनेस, मानसिक सजगता और अनुशासन अत्यंत आवश्यक हैं।
इसके पश्चात डॉग स्क्वॉड का निरीक्षण कर डॉग हैंडलर से श्वान दल के प्रशिक्षण, रखरखाव एवं कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई। आरटीसी बैरक एवं मैस का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन कर उन्हें और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
एमटी सेक्शन में वाहनों की स्थिति, फिटनेस, लॉगबुक, स्वच्छता एवं सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई। सभी वाहनों को सदैव कार्यशील रखने के निर्देश दिए गए ताकि आपात स्थिति में त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक (आरआई), आरटीसी प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।






