दिसंबर में बजनी थीं शहनाइयां, बहगुल नदी के किनारे से लापता हुआ दूल्हा बनने जा रहा धर्मेंद्र

पुल निर्माण स्थल से 500 मीटर दूर मिले कपड़े, मोबाइल और पर्स; एसडीआरएफ व गोताखोर नदी में तलाश में जुटे
टेन न्यूज़ !! १९ नवम्बर २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा ,
फतेहगंज पूर्वी/बरेली । दिसंबर में शादी होनी थी। घर में तैयारियां चल रही थीं और 22 वर्षीय धर्मेंद्र दो दिन बाद घर जाकर विवाह की व्यवस्थाएं देखने वाला था। लेकिन इससे पहले ही वह बहगुल नदी के किनारे से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। दो दिन बीतने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका है। नदी किनारे मिले कपड़े, मोबाइल और पर्स से परिवार की चिंता बढ़ गई है। घटनास्थल पर मां और होने वाली पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
धर्मेंद्र कश्यप रामपुर जिले के शाहाबाद क्षेत्र के गांव दुलिका धर्मपुर का निवासी था। वह हसनगंज और खाता गांव के बीच बहगुल नदी पर बन रहे पुल के निर्माण कार्य में क्रेन ऑपरेटर के रूप में काम करता था। पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को पुल निर्माण स्थल से करीब 500 मीटर दूर नदी किनारे उसका सामान मिला। निर्माण कार्य में लगे चौकीदार ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।![]()
बताया गया कि धर्मेंद्र को मछली पकड़ने का शौक था। सोमवार को उसने नदी किनारे मछली पकड़ने के लिए जाल लगाया था। रात में वह सो गया। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे शौच जाने की बात कहकर वह गार्ड से टॉर्च लेकर नदी की ओर गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। बाद में नदी किनारे उसका लोअर, चप्पल, टॉर्च और मोबाइल मिला। इसके बाद उसके नदी में डूबने की आशंका जताई जाने लगी।
सूचना पर स्थानीय पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम स्टीमर के जरिए खोजबीन में जुट गई। बुधवार को भी पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों ने नदी में उसकी तलाश जारी रखी।
ग्रामीणों के मुताबिक, बहगुल नदी में मगरमच्छ होने की चर्चा है। इस कारण धर्मेंद्र के साथ किसी अनहोनी की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, मगरमच्छ के हमले की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
बेटे की राह देख रही मां, होने वाली पत्नी की आंखें नम![]()
धर्मेंद्र की मां मेवावती और उसकी होने वाली पत्नी घटनास्थल पर पहुंचकर उसकी सलामती की दुआ मांग रही हैं। जिस घर में कुछ दिनों बाद शादी की शहनाइयां बजनी थीं, वहां अब चिंता और गम का माहौल है। परिवार को अब भी धर्मेंद्र के सुरक्षित मिलने की उम्मीद है।
धर्मेंद्र के एक मित्र ने पुल निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदार लोगों की उदासीनता पर सवाल उठाए हैं। वहीं, क्षेत्राधिकारी फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में तलाश कर रही है।