• Mon. Oct 26th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

बांदा: तिंदवारी में बदहाल हाईवे जलभराव और गड्ढों से हादसों का खतरा बढ़ा, नपा पर आरोप 

ByTen News One Desk

Oct 26, 2026
5 Views

बांदा: तिंदवारी में बदहाल हाईवे जलभराव और गड्ढों से हादसों का खतरा बढ़ा, नपा पर आरोप


नाला जाम और जलभराव से सड़क पर बने गहरे गड्ढे, राहगीरों की जान जोखिम में; चेयरमैन ने ईओ पर लगाया लापरवाही का आरोप


टेन न्यूज़ ।। 26 अक्टूबर 2026 ।। माया तिवारी, ब्यूरो

बांदा। तिंदवारी नगर पंचायत क्षेत्र के तेरही माफी मोड़ के पास सड़क की बदहाली और नाला जाम होने से हाईवे पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। सड़क पर जलभराव के कारण बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनसे गुजरना वाहन चालकों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। हालात ऐसे हैं कि कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है।

इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चों, स्कूल वाहनों, रोडवेज बसों, एंबुलेंस, मोटरसाइकिल, कार, ई-रिक्शा, ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। जलभराव और गड्ढों के बीच से निकलते समय छोटे-बड़े वाहनों के अनियंत्रित होने और पलटने का खतरा बना रहता है। जाम के चलते तेरही माफी मोड़ से करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।

चेयरमैन ने ईओ पर लगाए लापरवाही के आरोप

नगर पंचायत तिंदवारी की चेयरमैन सुधा साहू ने बताया कि बरसात के दौरान सड़क पर पानी भरने की समस्या पहले भी सामने आती रही है। उन्होंने कई बार पंपसेट लगवाकर पानी निकलवाया है। चेयरमैन का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या की जानकारी नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) लल्लनराम यादव को कई बार दी, लेकिन इसके बावजूद स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

चेयरमैन ने ईओ पर जानबूझकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए उन्हें तिंदवारी नगर पंचायत से हटाने की मांग की। उनका कहना है कि समस्या के कारण आम जनता को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

निरीक्षण के बाद लौट गए ईओ

चेयरमैन के अनुसार, समस्या की जानकारी मिलने पर ईओ दोपहर में मौके पर पहुंचे। उन्होंने जलभराव और सड़क की स्थिति देखी, लेकिन बिना कुछ बताए वहां से चले गए। इससे समस्या के समाधान को लेकर लोगों में नाराजगी है।

बड़े हादसे की आशंका, स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय निवासी राजेंद्र द्विवेदी, संदीप गुप्ता, प्रकाश, रामप्रकाश प्रजापति, गुड्डू, युसुफ खान और रजनीश समेत अन्य लोगों ने बताया कि सड़क पर पानी भरा होने और गहरे गड्ढों के कारण स्कूली वाहनों, रोडवेज बसों, एंबुलेंस और दोपहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। जाम के कारण जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, नाले की सफाई कर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की जाए और समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!