गढ़िया लाईखेड़ा में विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला, सात ससुरालियों के खिलाफ दर्ज है मुकदमा, पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर जेल भेजा

टेन न्यूज़ !! २६ अक्टूबर २०२६ !! रिपोर्टर: पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर। गढ़िया लाईखेड़ा गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी पति शाहिद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मुकदमे में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को गांव निवासी शाहिद की पत्नी सीमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पति शाहिद का कहना था कि सीमा ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंचे।
मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। शिकायत में कहा गया कि कार और नकदी की मांग पूरी न होने पर सीमा की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति शाहिद समेत सात ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
पुलिस के मुताबिक, मामले में वांछित पति शाहिद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।