• Fri. Oct 30th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

सेंगर नदी में कूदी 21 वर्षीय महिला, युवकों ने बचाई जान

ByTen News One Desk

Oct 30, 2026
5 Views

सेंगर नदी में कूदी 21 वर्षीय महिला, युवकों ने बचाई जान


पानी-पूरी की ठेली लगाने वाले अंकित समेत युवकों ने दिखाई बहादुरी, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर


टेन न्यूज ।। 30 अक्टूबर 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के बल्लापुर गांव स्थित जुआ पुल पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 21 वर्षीय महिला ने सेंगर नदी में छलांग लगा दी। महिला को नदी में डूबता देख पुल के पास मौजूद युवकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी। युवकों की तत्परता और साहस से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद डायल 112 पुलिस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने महिला को मेडिकल कॉलेज चिचौली रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, तिलकपुर निवासी शिवांजली (21) पत्नी आशीष कुछ दिन पहले अपने मायके बल्लापुर स्थित जुआ गांव आई थी। गुरुवार को वह जुआ पुल पर पहुंची और अचानक सेंगर नदी में छलांग लगा दी। महिला को नदी में डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

इसी दौरान पुल के पास पानी-पूरी की ठेली लगाने वाले अंकित कुमार समेत अन्य युवकों ने साहस का परिचय देते हुए नदी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद युवकों ने महिला को नदी से बाहर निकाल लिया। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज चिचौली रेफर कर दिया।

महिला ने किन परिस्थितियों में नदी में छलांग लगाई, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। वहीं, अंकित कुमार समेत अन्य युवकों की बहादुरी और सूझबूझ की क्षेत्र में सराहना हो रही है। समय रहते महिला को नदी से बाहर निकालने की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!