शाहजहांपुर परिवार परामर्श केंद्र में 26 मामलों की सुनवाई, दो दंपति साथ गए

टेन न्यूज़ !! १८ सितम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस लाइन शाहजहांपुर में परिवार परामर्श केंद्र का आयोजन किया गया। केंद्र में कुल 26 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। परामर्श और आपसी समझौते के बाद दो दंपतियों को सकुशल विदा किया गया।
परामर्श के दौरान थाना बंडा क्षेत्र के एक दंपति का मामला सामने आया। दोनों की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी और महिला छह माह की गर्भवती है। महिला ने पति पर शराब पीने, मारपीट करने और खर्च के लिए पैसे न देने की शिकायत की। महिला ने पति के शराब छोड़ने, मारपीट न करने और खर्च देने पर साथ रहने की इच्छा जताई। पति ने भविष्य में शराब न पीने, मारपीट न करने और पत्नी का खर्च उठाने का आश्वासन दिया। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया।
इसी प्रकार थाना कांट क्षेत्र के करीब आठ वर्ष पुराने वैवाहिक विवाद में भी परामर्श कराया गया। महिला दो बच्चों की मां है और करीब तीन माह से मायके में रह रही थी। उसने पति पर शराब पीने और मारपीट करने का आरोप लगाया। पति ने शराब छोड़कर पत्नी के साथ रहने की सहमति दी। दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद उन्हें भी सकुशल विदा किया गया।
इस अवसर पर महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता, महिला आरक्षी निशा, रश्मि चौधरी, नेहा चौहान, मौनिका कुमारी, पिंकी, आरक्षी रिंकू कुमार आदि मौजूद रहे।