पुवायां तहसील दिवस में 32 शिकायतें प्राप्त, तीन का मौके पर निस्तारण

डीएम ने भूमि विवादों में राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम से जांच कराने और गुणवत्तापूर्ण समाधान के दिए निर्देश
टेन न्यूज़ !! ०७ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर, 7 नवंबर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को तहसील पुवायां में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर जनशिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल 32 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन का मौके पर निस्तारण कराया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शेष शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 21, पुलिस विभाग की आठ, विकास विभाग की दो तथा अन्य विभाग की एक शिकायत शामिल रही।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि एवं जमीनी विवादों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर स्थलीय जांच करें और दोनों पक्षों की उपस्थिति में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। मौके पर की गई कार्रवाई के साक्ष्य के रूप में जियो टैग फोटो अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाएं।![]()
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उसकी समस्या का वास्तविक समाधान हुआ है और वह कार्रवाई से संतुष्ट है। केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए शिकायतों का निस्तारण न किया जाए, बल्कि प्रत्येक मामले में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी समाधान किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करें। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय एवं राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान विधायक पुवायां चेतराम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी पुवायां सदानंद सरोज, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी पुवायां सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।