• Sat. Nov 7th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

छह दिवसीय राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रशिक्षण का समापन

ByTen News One Desk

Nov 7, 2026
1 Views

छह दिवसीय राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रशिक्षण का समापन


विधायक अरविंद सिंह ने प्रमाण-पत्र देकर स्वयंसेवकों को किया सम्मानित, राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान


टेन न्यूज़ !! ०७ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहाँपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत), शाहजहाँपुर की ओर से शाहजहाँपुर एवं फर्रुखाबाद जनपद के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों के लिए उत्तर प्रदेश गन्ना किसान संस्थान प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को गरिमामय वातावरण में समापन हुआ। समारोह में ददरौल विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरविंद सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में दोनों जनपदों के कुल 40 राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक अरविंद सिंह ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित करके किया। माय भारत, शाहजहाँपुर के उपनिदेशक माहे आलम ने बुके भेंटकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। स्वयंसेवकों ने बैज लगाकर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद विधायक को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

छह दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को युवा नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, सामुदायिक सहभागिता, सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वयंसेवा, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, साइबर जागरूकता तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक विकास में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए तैयार करना रहा।

प्रशिक्षक सुरेश आर्य ने विभिन्न विषयों पर स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने युवा नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक दायित्व, प्रभावी संवाद और जनसेवा के महत्व को समझाया। संवादात्मक सत्रों एवं व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों को समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

माय भारत के उपनिदेशक माहे आलम ने कहा कि राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सरकारी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में सहयोग करने वाले कार्यकर्ता मात्र नहीं हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक और युवाओं तथा प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। प्रशिक्षण की वास्तविक सफलता तभी होगी, जब स्वयंसेवक यहां अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग अपने गांवों, कस्बों एवं समुदायों में करेंगे। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति जैसे विषयों पर जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि विधायक अरविंद सिंह ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और उज्ज्वल भविष्य का आधार होते हैं। स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया था। आज युवाओं को उनके विचारों को आत्मसात करते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए। उन्होंने स्वयंसेवकों से निस्वार्थ सेवा, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने तथा सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही साकार होगा।

समापन समारोह में विधायक अरविंद सिंह ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी 40 राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने स्वयंसेवकों को मिठाई वितरित की और दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में सुश्री सोनम सचान ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, प्रशिक्षक, अधिकारियों, सहयोगियों और दोनों जनपदों से आए स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण के समापन पर स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव साझा किए और सीखी गई जानकारियों को अपने कार्यक्षेत्र में लागू करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के संकल्प के साथ हुआ। माय भारत, शाहजहाँपुर ने आशा व्यक्त की कि प्रशिक्षित स्वयंसेवक समाजसेवा, जनजागरूकता एवं युवा सशक्तीकरण के कार्यों को गति देंगे और विकसित भारत @2047 के लक्ष्य में योगदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!