• Fri. Apr 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

उत्तर प्रदेश को उत्तम कनेक्टिविटी युक्त प्रदेश बनाने के लिए प्रतिबद्ध योगी सरकार नए प्रतिमान गढ़ रही

ByTen News One Desk

Jun 14, 2025
231 Views

उत्तर प्रदेश को उत्तम कनेक्टिविटी युक्त प्रदेश बनाने के लिए प्रतिबद्ध योगी सरकार नए प्रतिमान गढ़ रही



टेन न्यूज़ !! १४ जून २०२५ !! डेस्क न्यूज़@लखनऊ।


उत्तर प्रदेश को उत्तम कनेक्टिविटी युक्त प्रदेश बनाने के लिए प्रतिबद्ध योगी सरकार नए प्रतिमान गढ़ रही है। सीएम योगी के विजन का असर है कि प्रदेश में मात्र एक साल में 76 सेतु परियोजनाओं का निर्माण उच्च गुणवत्ता को सुनिश्चित करते हुए पूरा कर लिया गया है।

लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में इस उपलब्धि को हासिल किया है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा जिन 76 सेतु परियोजनाओं को रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया, उनमें 43 नदी सेतु, 28 आरओबी व 5 फ्लाईओवर शामिल हैं।

खास बात यह है कि यह उपलब्धियां केवल एक वर्ष की अवधि तक सीमित नहीं हैं। सीएम योगी के अब तक के कार्यकाल में हुए निर्माण कार्य प्रदेश की भविष्य की जरूरतों के अनुसार उत्तम कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने में मील के पत्थर साबित हुए हैं।

आंकड़ों के अनुसार, पिछले 8 वर्षों में सीएम योगी के निर्देश व मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड ने कुल 471 सेतु परियोजनाओं के उच्च गुणवत्तापूर्ण निर्माण में सफलता प्राप्त की है। इसमें 313 नदी सेतु, 143 आरओबी तथा 15 फ्लाईओवर शामिल हैं।

लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तुत किए गए आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड के टर्नओवर में भी सीएम योगी के अब तक के कार्यकाल में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

एक ओर, वित्तीय वर्ष 2017-18 में जहां कुल टर्नओवर 1,013.74 करोड़ था, वहीं वित्तीय वर्ष 2018-19 में यह बढ़कर 1,360.34 करोड़ पहुंच गया। वित्तीय वर्ष 2019-20, 2020-21 तथा 2021-22 में भी वृद्धि दर्ज करते हुए टर्नओवर क्रमशः 1,511.18 करोड़, 1,936.92 करोड़ तथा 1,959.33 करोड़ रहा। वर्ष 2022-23 में टर्नओवर में कुछ कमी आई और वह 1,946 करोड़ के स्तर पर रहा।

इसके बाद के वर्षों में टर्नओवर में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2023-24 में टर्नओवर बढ़कर 2,376 करोड़ हो गया, जबकि 2024-25 में यह 2,583 करोड़ रुपए हो गया। कहने का मतलब है कि वित्तीय वर्ष 2017-18 से लेकर 2024-25 तक उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड के टर्नओवर में 2.5 गुना वृद्धि हुई है।

उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा प्रदेश में जारी विभिन्न सेतु परियोजनाओं के निर्माण और विकास को लेकर एक विस्तृत खाका तैयार किया गया है। सीएम योगी के निर्देशानुसार प्रदेश के 10 मंडलों में जारी निर्माण व विकास कार्यों को लेकर इसमें विस्तृत ब्योरा पेश किया गया है।

इसी कार्ययोजना के आधार पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेशभर में जारी विभिन्न परियोजनाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। इनमें वरीयता के आधार पर उन कार्यों को पहले प्राथमिकता दी जाएगी, जिनके पूरा होने पर बड़े स्तर पर क्षेत्रीय आबादी को लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!