पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग रहा चोरी के सामान सहित आरोपी गिरफ्तार

गढ़िया रंगीन पुलिस ने तमंचा, 10 कारतूस, चांदी के आभूषण और दो घड़ियां बरामद कीं; बुलेट मोटरसाइकिल भी सीज
टेन न्यूज़ !! १६ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर, । गढ़िया रंगीन थाना पुलिस ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, सफेद धातु के आभूषण, दो कलाई घड़ियां और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर की रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम पृथ्वीपुर से रामपुर की ओर जाते समय रामपुर अंडरपास की तरफ से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर बाइक सवार ने कुछ दूरी पर वाहन रोक दिया और खेतों की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसे रुकने के लिए कहा तो आरोप है कि उसने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायर कर दिया और खेतों की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए 16 नवंबर की रात करीब 2:14 बजे गंगा एक्सप्रेसवे के रामपुर अंडरपास से लगभग 100 मीटर पहले खाली खेत से आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान सोहिल पुत्र इस्लाम (22) निवासी ग्राम नगरिया कला (पंखिया खेड़ा), थाना फतेहगंज पूर्वी, जनपद बरेली के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, 10 जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा सफेद धातु की 106.7 ग्राम की करधनी, दिल के आकार की 178.6 ग्राम की करधनी, 48.1 ग्राम की एक पायल, 52.7 ग्राम के 12 जोड़ी बिछुए और दो कलाई घड़ियां भी मिलीं। मौके से बरामद बुलेट मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ चोरी के इरादे से निकलता था। उसने दावा किया कि वे लखनऊ में किसी स्थान पर चोरी कर लौट रहे थे और बरामद सामान का घर पहुंचकर आपस में बंटवारा करने वाले थे। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 136/2026 धारा 109(1), 317(2) बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार, हेड कांस्टेबल मिर्जा जुबेर बेग, कांस्टेबल अमीरुल हसन, कांस्टेबल निसार हुसैन और चालक कांस्टेबल अविनाश मिश्रा शामिल रहे।