समाजवादी पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव ने नगर की समस्याओं को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
टेन न्यूज़ !! १६ जुलाई २०२५ !! अमुक सक्सेना , तिलहर, शाहजहांपुर
समाजवादी पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अनवर उल्ला खां ने बीते दिन अपने कार्यकर्ताओं के साथ उपजिलाधिकारी रविंद्र कुमार को नगर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा और शीघ्र समाधान की मांग की।
राष्ट्रीय सचिव ने ज्ञापन में कहा कि नगर क्षेत्र में जल निगम द्वारा की गई खुदाई के बाद सड़कों को जस का तस छोड़ दिया गया है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, स्मार्ट मीटर योजना के तहत लगाए गए मीटरों में गड़बड़ी, बार-बार विद्युत कटौती, और जर्जर तारों की वजह से आम जनता परेशान है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें इस प्रकार रहीं:
-
वाहन चेकिंग के नाम पर गाड़ियों की जब्ती पर तत्काल रोक लगे।
-
राशन कार्डों से संबंधित समस्याओं का निस्तारण कर गरीबों को राहत दी जाए।
-
राशन यूनिट जोड़ने और काटने के खेल पर सख्त कार्रवाई हो।
-
विद्यालयों के विलय को तत्काल रोका जाए ताकि गरीब छात्रों की शिक्षा प्रभावित न हो।
-
आवारा पशुओं को शीघ्र गौशालाओं में भिजवाया जाए।
-
कांवड़ यात्रा के चलते कुरैशी समाज के कारोबार को बंद न किया जाए, केवल यात्रा मार्ग तक दुकानें बंद रहें, शेष को खोलने की अनुमति दी जाए।
-
आधार कार्ड पंजीकरण एवं सुधार के लिए नगर में कम से कम सात केंद्र खोले जाएं।
-
डभौरा मार्ग स्थित रेलवे गेट संख्या 334 को बंद कर 326 गेट चालू किया जा रहा है, जो 5 किमी दूर है, रास्ते में पानी भर जाता है, जिससे विद्यार्थियों और राहगीरों को दिक्कत होती है। इसके स्थान पर गेट संख्या 335 को चालू किया जाए।
इस मौके पर श्री अनवर उल्ला खां ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि वह जनता की समस्याओं को अनदेखा करने की बजाय उनके निस्तारण की दिशा में कार्य करे।
उन्होंने कहा कि“सरकारें बदलती रहती हैं, अधिकारी किसी राजनीतिक दल का मोहरा न बनें। समाजवादी पार्टी जनता के हक के लिए हर संघर्ष और कुर्बानी के लिए तैयार है।”







