शाहजहांपुर में तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार — भारी मात्रा में असलहे और निर्माण सामग्री बरामद
टेन न्यूज़ !! ०९ नवम्बर २०२५ !! डीपी सिंह @अमुक सक्सेना@ शाहजहांपुर।
कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के काले कारोबार का खुलासा करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने छापेमारी कर एक तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया और मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से तमंचों, कारतूसों और निर्माण उपकरणों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सटीक सूचना पर बरेली–सीतापुर हाईवे के पास गौशाला तिराहे से आगे एक कच्चे रास्ते पर छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान ग्राम पर्वतपुर थाना कांट निवासी जालिम सिंह पुत्र स्व. कप्तान सिंह को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी में पुलिस को दो चालू तमंचे, चार अधबने तमंचे, चार जिंदा कारतूस, नकद रकम, एक एंड्रॉयड मोबाइल, तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त धौंकनी, आरी, ब्लेड, कोयला, लोहे की कतरन और रॉड जैसी सामग्री मिली।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए अवैध रूप से तमंचे बनाता था और उन्हें शाहजहांपुर सहित आसपास के जिलों में पांच से छह हजार रुपये में बेचता था।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह ने किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध हथियार तस्करी के एक सक्रिय नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिससे जिले में अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।







