रायबरेली ब्रेकिंग : रेलवे लाइन किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी
टेन न्यूज़ ii 04 जनवरी 2026 ii वसीम खान ब्यूरो,
रायबरेली। जनपद के गदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर धई स्थित हौत ताल रेलवे लाइन के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ देखा। शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई, जिससे मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामीण जब रेलवे लाइन की ओर से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर युवक के शव पर पड़ी। युवक की उम्र और पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका भी अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही गदागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए हत्या और दुर्घटना—दोनों ही बिंदुओं पर जांच जारी है। साथ ही युवक की पहचान कराने के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं, ताकि परिजनों को सूचना दी जा सके।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो रिपोर्ट — वसीम खान








