• Fri. Apr 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

महाविद्यालय में भारत स्काउट एवं गाइड शिविर का शुभारंभ

ByTen News One Desk

Feb 19, 2026
53 Views

महाविद्यालय में भारत स्काउट एवं गाइड शिविर का शुभारंभ


टेन न्यूज़ !! १९ फरवरी २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया। अजीतमल स्थित जनता महाविद्यालय में मंगलवार को भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश, छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के निर्देशन में प्रवेश एवं निपुण जांच प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का आरंभ ध्वज शिष्टाचार, झंडा गीत एवं प्रार्थना के साथ हुआ, जिससे पूरा परिसर अनुशासन एवं देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।

शिविर के प्रथम दिवस रोवर्स एवं रेंजर्स को टोली विभाजन, स्काउटिंग के नियम, प्रतिज्ञा तथा स्काउटिंग के संक्षिप्त इतिहास के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता के महत्व से अवगत कराया। उद्घाटन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो० (डॉ०) अरविंद कुमार शर्मा ने छात्र-छात्राओं को समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हुए सेवा भावना को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।

रोवर्स प्रभारी डॉ० उमाकांत मिश्रा ने शिविरार्थियों को चरित्र निर्माण, आत्मनिर्भरता एवं व्यक्तित्व विकास पर मार्गदर्शन दिया। वहीं रेंजर्स प्रभारी डॉ० शशी पालीवाल ने प्रशिक्षण के माध्यम से समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर महाविद्यालय के उपाचार्य प्रो० उपेंद्र कुमार त्रिपाठी, मुख्य प्रानुशासक प्रो० वीरेश सिंह भदौरिया, क्रीड़ा प्रभारी डॉ० देवेंद्र खोखर, डॉ० ध्रुव दत्त, डॉ० उमेश दुबे, श्री पद्म नारायण पांडेय सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन से छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!