पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली का किया औचक निरीक्षण व्यवस्थाओं पर दिए सख्त निर्देश

टेन न्यूज़ !! २२ फरवरी २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया। जनपद के अजीतमल कोतवाली परिसर का पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान साफ- सफाई, सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं में कई कमियां सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार करने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस मैस का विशेष रूप से निरीक्षण किया। उन्होंने वाशबेसिन पर हैंडवॉश और तौलिया अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मैस में लगे गंदे पर्दों पर नाराजगी जताते हुए उन्हें तुरंत धुलवाने तथा परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
कार्यालय परिसर में खुले पड़े विद्युत तारों को गंभीर लापरवाही मानते हुए सुरक्षित तरीके से बैंड कराकर शीघ्र दुरुस्त कराने के आदेश दिए। साथ ही कार्यालय के सामने लंबे समय से खड़ी कबाड़ बाइक को हटवाने और परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी जारी किए।
इस दौरान उन्होंने साइबर सेल कार्यालय को जल्द शुरू कराने पर जोर देते हुए आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि स्वच्छता, सुरक्षा और कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण से पुलिस कर्मियों में सतर्कता का माहौल देखा गया।





