दुखद: वरिष्ठ शिक्षक एवं राजनीतिक रूप से सक्रिय अशोक शर्मा का निधन

टेन न्यूज़ !! २३ फरवरी २०२६ !! अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहापुर
तिलहर के जाने-पहचाने व सम्मानित व्यक्तित्व, सेवा निवृत शिक्षक एवं प्रदेश की राजनीति में खासी पैठ रखने वाले अशोक शर्मा (75) का रविवार रात्रि लगभग 10 बजे लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने नगर के मोहल्ला बिरियागंज स्थित अपने निज निवास पर अंतिम सांस ली।
अशोक शर्मा, जिन्हें लोग स्नेहपूर्वक “गुरु जी” और “दादा” कहकर संबोधित करते थे, अपने सादगीपूर्ण जीवन, मिलनसार स्वभाव और सामाजिक सक्रियता के लिए जाने जाते थे। शिक्षा क्षेत्र में लंबे समय तक सेवाएं देने के साथ-साथ वे सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे। प्रदेश की राजनीति में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती थी और विभिन्न दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं से उनके मधुर संबंध थे।
उनके निधन की सूचना मिलते ही नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उनके निवास पर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। शुभचिंतकों व समर्थकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
नगर में उनके निधन से शोक की लहर है।






