• Fri. Apr 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

तिलहर में किसान पंचायत, 23 मार्च को खिरनी बाग से ‘जेल भरो आंदोलन’ का ऐलान

ByTen News One Desk

Feb 23, 2026
40 Views

तिलहर में किसान पंचायत, 23 मार्च को खिरनी बाग से ‘जेल भरो आंदोलन’ का ऐलान


टेन न्यूज़ !! 23 फरवरी 2026।! अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर,
समग्र क्रांति जनजागरण अभियान के तहत भारतीय कृषक दल ने तिलहर चीनी मिल ग्राउंड में किसान पंचायत का आयोजन किया। पंचायत में आवारा गोवंश, धान खरीद में कथित घोटाले, एमएसपी पर खरीद, तथा अमेरिका के साथ प्रस्तावित कृषि डील जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज दीक्षित एडवोकेट ने कहा कि शहीदों की नगरी शाहजहांपुर में क्रांतिकारियों की कमी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को उनकी उपज का समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है और एमएसपी के नाम पर कर्मचारियों व बिचौलियों के बीच बंदरबांट हो रही है। उन्होंने धान खरीद में अनियमितताओं की व्यापक जांच की मांग की और कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति की वास्तविकता सामने आनी चाहिए। अमेरिका से हो रही कृषि डील को भी उन्होंने किसानों के हित में नहीं बताया।

किसान पंचायत के संयोजक एवं राष्ट्रीय महासचिव प्रमोद यादव “जनसेवक” ने घोषणा की कि 24 फरवरी से शाहजहांपुर जनपद में गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, जो एक माह तक जारी रहेगा। इसके बाद 23 मार्च को खिरनी बाग, शाहजहांपुर में विशाल किसान पंचायत कर ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार किसानों की समस्याएं नहीं सुनती तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

विधि प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजप्रकाश चौहान ने अधिक से अधिक लोगों को दल से जोड़ने की अपील की। कार्यक्रम में बरेली मंडल अध्यक्ष राजीव सक्सेना, प्रदेश सचिव संजय शर्मा, जिलाध्यक्ष भानुप्रताप गंगवार समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन आचार्य विजय पाल यादव ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!