शाहजहांपुर में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, अधिकारियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
टेन न्यूज ।। 18 मार्च 2026 ।। डीपी सिंह@डेस्क
शाहजहांपुर
भारत की आगामी जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में होटल ग्रैंड आर्क में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जनगणना चार्ज अधिकारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा अधिकारियों को जनगणना की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार ने कहा कि लंबे समय बाद जनगणना कराई जा रही है, इसलिए इसे पूरी गंभीरता और सुचारू रूप से संपन्न कराना आवश्यक है। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों से प्रशिक्षण को ध्यानपूर्वक ग्रहण करने का आग्रह किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि शहर में जनगणना कार्य के लिए लगभग 1000 कार्मिकों की आवश्यकता होगी, जबकि 104 फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें सफल अभ्यर्थियों को ही जनगणना कार्य में लगाया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि “सेल्फ एन्यूमरेटर” व्यवस्था को लागू करने के लिए अलग से कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे अधिक से अधिक लोग स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भर सकें।
प्रशिक्षण में जनगणना के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” पर विशेष जोर दिया गया। इस चरण के अंतर्गत क्षेत्र के सभी आवासीय एवं गैर-आवासीय भवनों का व्यवस्थित विवरण एकत्र किया जाएगा। साथ ही अधिकारियों को डिजिटल माध्यमों के उपयोग, प्रपत्रों के सही संकलन और समयबद्ध कार्यान्वयन के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि त्रुटिरहित कार्य सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग आवश्यक सूचियां उपलब्ध कराएं और बीएसए, डीसी, डीपीआरओ सहित सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






