बहन के घर आए युवक ने फांसी लगाकर दी जान

कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला शव, आत्महत्या के कारणों का पता नहीं
टेन न्यूज़ !! १९ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। दिबियापुर थाना क्षेत्र के हीरापुरवा गांव में अपनी बहन के घर आए 18 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव कमरे में साड़ी के फंदे के सहारे कुंडे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के चकसत्तापुर निवासी लवलेश राजपूत (18) पुत्र हुब्ब लाल दो-तीन दिन पहले अपनी बहन प्रियंका के घर हीरापुरवा आया था। प्रियंका की शादी जयप्रकाश से हुई है। परिजनों के मुताबिक, काफी देर तक लवलेश कमरे से बाहर नहीं निकला तो उन्होंने अंदर जाकर देखा। वहां उसका शव साड़ी के फंदे से कुंडे के सहारे लटका मिला। परिजन उसे आनन-फानन नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की तैयारी में जुटे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने बताया कि लवलेश मानेसर जाने की बात कह रहा था। वह गांव में ट्रैक्टर चलाकर परिवार की मदद करता था। उसके परिवार में दो भाई और तीन बहनें हैं। युवक की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया।
चौकी इंचार्ज आनंद शर्मा ने बताया कि युवक की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।