टीनशेड में फंदे से लटका मिला 60 वर्षीय वृद्ध का शव

घर के आंगन में हुई घटना, परिजनों ने लिखित रूप से पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
टेन न्यूज़ !! १९ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के हविलिया गांव में बुधवार को घर के आंगन में बने टीनशेड के नीचे एक वृद्ध का शव रस्सी के फंदे से लटका मिला। शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया।
जानकारी के अनुसार, हविलिया निवासी श्रीकर त्रिपाठी (60) पुत्र श्रीमुकुंद त्रिपाठी घर में अकेले रहते थे। बुधवार को उनका शव घर के आंगन में बने टीनशेड के नीचे रस्सी के फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की।
ग्रामीणों के मुताबिक, श्रीकर के माता-पिता और पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। बताया गया कि वृद्ध नशे का आदी था।
प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लिया था। परिजनों ने लिखित रूप से पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।