तिलहर में स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
टेन न्यूज़ ii 15 अप्रैल 2026 ii अमुक सक्सेना
तिलहर में आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पावर हाउस पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ रोष जताया। उनका कहना था कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर के चलते बिजली उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और बिलिंग से जुड़ी दिक्कतें भी बढ़ गई हैं।
इस दौरान कांग्रेसियों ने पावर हाउस के अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपकर उपभोक्ताओं की समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कहा कि आम जनता के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जरूरत पड़ने पर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
