• Fri. Jun 12th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

प्रमुख सचिव ने ददरौल के सिसनई गांव में जनचौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

ByTen News One Desk

Apr 17, 2026
39 Views

प्रमुख सचिव ने ददरौल के सिसनई गांव में जनचौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश


टेन न्यूज़ ii 17 अप्रैल 2026 ii डीपी सिंह @डेस्क न्यूज़, शाहजहांपुर

उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन एवं भाषा विभाग तथा जनपद के नोडल अधिकारी श्री मनीष चौहान ने शुक्रवार को विकासखंड ददरौल की ग्राम पंचायत सिसनई में जनचौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह भी उपस्थित रहीं।

जनचौपाल के दौरान प्रमुख सचिव ने गांव में कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा की तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और उनसे ग्रामीणों को मिल रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों से पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, लेखपाल एवं सफाईकर्मी की नियमित उपस्थिति के संबंध में भी फीडबैक लिया।

उन्होंने आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, स्वयं सहायता समूह ऋण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं संस्थागत प्रसव जैसी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे संवाद कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानी। जिन लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है, उनसे फीडबैक लेकर संतोष व्यक्त किया।

प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सामुदायिक शौचालय नियमित रूप से खुले रहें और उनमें स्वच्छता सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्थिति में शौचालयों पर ताला न लगाया जाए। खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सभी बच्चों की विद्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

इसके साथ ही गांव में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। गांव में सफाई के लिए रोस्टर बनाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव ने एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं से जानकारी ली और उन्हें गांव में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने जनचौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने हेतु भी अधिकारियों को निर्देशित किया।

कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सदर, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!