नारी शक्ति वंदन अधिनियम व व्यक्तिगत स्वच्छता संवाद पर शाहजहांपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
टेन न्यूज़ ii 17 अप्रैल 2026 ii डीपी सिंह डेस्क@शाहजहांपुर, जनपद में महिलाओं के सशक्तिकरण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संप्रेषण गृह (पिपरौला), बाल गृह बालक एवं वन स्टॉप सेंटर पर नारी शक्ति वंदन अधिनियम एवं व्यक्तिगत स्वच्छता संवाद विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा ने की।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम (128वां संविधान संशोधन विधेयक, 2023) के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह अधिनियम भारतीय संसद द्वारा पारित एक ऐतिहासिक कानून है, जिसके अंतर्गत लोकसभा, राज्य विधानसभाओं एवं दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटों का आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। इसका उद्देश्य राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना और उन्हें सशक्त बनाना है।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं एवं पत्रकारों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए इस अधिनियम के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं द्वारा महिलाओं के साथ होने वाली घरेलू हिंसा एवं अन्य समस्याओं के संबंध में जानकारी साझा की गई।
महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन कोऑर्डिनेटर अमृता दीक्षित ने बच्चों से जुड़ी समस्याओं एवं विभाग द्वारा संचालित विभिन्न महिला केंद्रित योजनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता संवाद के माध्यम से उपस्थित लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने तथा कूड़ा खुले में न फेंकने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में कनिष्ठ सहायक प्रदीप गौतम, केंद्र प्रबंधक नमिता यादव, जेंडर स्पेशलिस्ट कीर्ति मिश्रा, रश्मि देवी, सुधीर कुमार सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
