सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा को डीएम ने किया रवाना, तीर्थयात्री गुजरात के लिए प्रस्थान
टेन न्यूज़ ii 19 अप्रैल 2026 ii प्रभाष चंद्र की रिपोर्ट
कन्नौज (उ.प्र.) — जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर से “सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा” के तहत तीर्थयात्रियों को माला पहनाकर शुभकामनाओं सहित वाहन को रवाना किया।
यह यात्रा लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता के बाद सोमनाथ मंदिर के लिए प्रस्थान करेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 अप्रैल 2026 को यात्रा सोमनाथ पहुंचेगी।
22 एवं 23 अप्रैल को तीर्थयात्री विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों—सोमनाथ संकल्प संवाद, मंदिर एवं परिसर दर्शन, लाइट एंड साउंड शो, सोमनाथ संग्रहालय भ्रमण, भजन संध्या, रुद्राभिषेक, महाआरती, प्रवचन, दीपोत्सव तथा स्थानीय दर्शनीय स्थलों के भ्रमण—में सहभागिता करेंगे। 24 अप्रैल को यात्रा सोमनाथ से लखनऊ के लिए रवाना होगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों के आवागमन, समन्वय, मार्गदर्शन, सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” भारत की आस्था, संस्कृति, परंपरा और आत्मगौरव का सशक्त प्रतीक है।
सोमनाथ मंदिर की हजार वर्षों की अविचलित गौरवगाथा तथा पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह आयोजन विशेष श्रद्धा, सम्मान और गौरव के साथ मनाया जा रहा है।
इस अवसर पर डीसी एनआरएलएम राजकुमार लोधी, जिला पिछड़ा कल्याण अधिकारी अनुपम राय, जिला पर्यटन अधिकारी डॉ. एम. मकबूल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
