• Sun. Apr 19th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

डडौना में डीएम ने किसानों से किया सीधा संवाद, एक्सप्रेसवे से विकास और मुआवजे का भरोसा

ByTen News One Desk

Apr 19, 2026
8 Views

डडौना में डीएम ने किसानों से किया सीधा संवाद, एक्सप्रेसवे से विकास और मुआवजे का भरोसा


टेन न्यूज़ ii 19 अप्रैल 2026 ii प्रभाष चंद्र की रिपोर्ट
कन्नौज — जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने तहसील छिबरामऊ के ग्राम डडौना में प्रस्तावित फर्रुखाबाद लिंक प्रवेश-नियंत्रित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना के तहत अधिग्रहित की जाने वाली भूमि को लेकर प्रभावित किसानों व भू-स्वामियों से मौके पर पहुंचकर सीधा संवाद किया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना जनपद कन्नौज सहित आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास, सुगम यातायात, व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि तथा भूमि मूल्यों में बढ़ोतरी का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि जहां से एक्सप्रेसवे गुजरता है, वहां की जमीन का मूल्य स्वतः बढ़ जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को दीर्घकालिक आर्थिक लाभ मिलता है।

उन्होंने जानकारी दी कि परियोजना के अंतर्गत जनपद में 22.7803 हेक्टेयर निजी भूमि, 2.7910 हेक्टेयर सरकारी/ग्राम सभा भूमि सहित कुल 25.5713 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। इस प्रक्रिया में कुल 330 भू-स्वामी शामिल हैं और वर्तमान में सहमति की प्रक्रिया जारी है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भूमि के सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा भू-स्वामियों को दिया जाएगा। इसके अलावा बोरिंग, भवन, पेड़ व फसल जैसी परिसंपत्तियों का मुआवजा भी अलग से निर्धारित मानकों के अनुसार दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार किसानों के अधिकारों की पूरी सुरक्षा करेगी और किसी को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।

संवाद के दौरान किसानों ने भी सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि वे अपने परिवारजनों से चर्चा कर आगे की प्रक्रिया में भागीदारी करेंगे।

इस मौके पर उप जिलाधिकारी छिबरामऊ ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी और किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!