के.एन. लॉन में सजी अदब की महफ़िल, शायरों और कवियों ने बाँधा समां

टेन न्यूज़ ii 19 अप्रैल 2026 ii रायबरेली | वसीम खान (ब्यूरो)
रायबरेली शहर के गुलाब रोड स्थित के.एन. लॉन में बीते दिन एक भव्य ‘नसीस्त’ (काव्य गोष्ठी) का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय रचनाकारों और साहित्य प्रेमियों का शानदार संगम देखने को मिला। शब्दों की खूबसूरत अभिव्यक्तियों ने श्रोताओं को देर तक मंत्रमुग्ध किए रखा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री कृष्णानंद श्रीवास्तव ने की, जबकि मंच संचालन जनाब लईक साहब ने अपने चुटीले और प्रभावशाली अंदाज में किया। उनकी शानदार निजामत ने शुरुआत से अंत तक माहौल को जीवंत बनाए रखा।
महफ़िल में जनाब लईक साहब ने अपने खास अंदाज में कार्यक्रम का आगाज़ किया। दिलबर साहब की ग़ज़लों ने प्रेम और दर्शन के रंग बिखेरे, वहीं इसरार अहमद और जायस से आए शायरों ने भी अपने कलाम से खूब तालियां बटोरीं। अन्य कवियों और शायरों ने समसामयिक विषयों और जज़्बातों पर आधारित रचनाएं प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का आयोजन शिशिर श्रीवास्तव और सुमित गुप्ता द्वारा किया गया। उन्होंने अतिथि सत्कार की परंपरा निभाते हुए समापन पर सभी के लिए लजीज भोजन की भी व्यवस्था की।
इस खुशनुमा शाम का समापन साहित्यिक चर्चा और मेल-मिलाप के साथ हुआ। शहर के प्रबुद्ध जनों ने ऐसे आयोजनों को गंगा-जमुनी तहजीब को बढ़ावा देने वाला बताया और इसकी सराहना की।
