कन्नौज में हर्षोल्लास से मनाया गया भगवान परशुराम जन्मोत्सव, मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
टेन न्यूज़ ii 20 अप्रैल 2026 ii कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट
कन्नौज। जनपद कन्नौज में भगवान परशुराम जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर स्थित सिद्ध पीठ नगर कोटि पीताम्बरा माई मंदिर परिसर में बने भगवान परशुराम मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन, पुष्पांजलि, माल्यार्पण एवं आरती का आयोजन किया गया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रमुख समाजसेवी विपिन दीक्षित ने भगवान परशुराम का विधिवत पूजन-अर्चन कर आरती की। वहीं सदर विधायक असीम अरुण के प्रतिनिधि विवेक पाठक, सुशील दुबे, विजय तिवारी एवं रवि तिवारी ने भी माल्यार्पण कर श्रद्धा अर्पित की।
इस दौरान परशुराम सेना प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय महासचिव विष्णु कुमार शुक्ला ‘बिब्बी’ ने मुख्य अतिथि विपिन दीक्षित को भगवान परशुराम का चित्र भेंट कर सम्मानित किया, जबकि वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश शर्मा ने पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।
अपने संबोधन में विपिन दीक्षित ने समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज ने सदैव अपने ज्ञान और संस्कारों से समाज को दिशा देने का कार्य किया है।
पूजन कार्य आचार्य वैभव तिवारी एवं बालक राम तिवारी द्वारा विधिवत संपन्न कराया गया। इस अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
