• Mon. Apr 20th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

तिलहर में मंत्री नरेंद्र कश्यप के निरीक्षण में ओवरहेड टैंक में मिली खामियां, अधिकारियों को लगाई फटकार

ByTen News One Desk

Apr 20, 2026
9 Views

तिलहर में मंत्री नरेंद्र कश्यप के निरीक्षण में ओवरहेड टैंक में मिली खामियां, अधिकारियों को लगाई फटकार


टेन न्यूज़ ii 20 अप्रैल 2026 ii अमुक सक्सेना, तिलहर से रिपोर्ट
तिलहर। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत बनाए जा रहे ओवरहेड टैंक का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

रविवार दोपहर करीब 12 बजे मंत्री नगर पालिका स्थित हॉकी ग्राउंड पहुंचे, जहां 1875 केएल क्षमता वाले ओवरहेड टैंक का निरीक्षण किया। टैंक की टेस्टिंग को लेकर पूछे गए सवाल पर जल निगम के अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए टैंक को जल्द पूर्ण कर टेस्टिंग कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जल निगम के एक्सियन की अनुपस्थिति पर भी मंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और जवाब तलब करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने जल मिशन योजना के तहत डाली गई पाइपलाइन के लिए खोदी गई सड़कों की बदहाल स्थिति पर भी सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। स्थानीय व्यापार मंडल अध्यक्ष सौरभ गुप्ता ने बताया कि सड़कों की खराब हालत के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि नगर में करीब 32 करोड़ रुपये की लागत से तीन ओवरहेड टैंक और लगभग 85 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने की योजना है, लेकिन दो साल बीतने के बाद भी कार्य अधूरा है। कई स्थानों पर निर्माण कार्य की गति धीमी पाई गई।

निरीक्षण के दौरान टैंक में पानी भरने पर कई जगह रिसाव भी देखा गया, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं।

करीब आधे घंटे के निरीक्षण के बाद मंत्री आगे के कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर एसडीएम जीत सिंह राय, ईओ सत्येंद्र प्रकाश, सीओ ज्योति यादव, कोतवाल जुगुल किशोर पाल, जल निगम के जेई हितेश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!