तिलहर में नामित सभासदों को शपथ, कार्यक्रम में अव्यवस्थाओं पर हंगामा
टेन न्यूज़ ii 24 अप्रैल 2026 ii अमुक सक्सेना
तिलहर/शाहजहांपुर । नगर पालिका प्रांगण में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में अव्यवस्थाओं के बीच शासन से नामित पांच सभासदों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर निर्वाचित सभासदों ने नाराजगी जताई।
समारोह में एसडीएम जीत सिंह राय ने चेयरपर्सन हाजरा बेगम व ईओ सत्येंद्र प्रकाश की मौजूदगी में सविता रानी, विमलेश, पवन कुमार, आशीष शर्मा व सेठी कश्यप को शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान निर्वाचित सभासद सत्येंद्र सिंह को मंच पर बुलाए जाने पर उन्होंने नगर पालिका प्रशासन पर आरोप लगाया कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए बैठने तक की उचित व्यवस्था नहीं की गई। साथ ही उन्होंने कहा कि अन्य नगर पालिकाओं में शपथ ग्रहण समारोह भव्य तरीके से आयोजित हुए, जबकि यहां कार्यक्रम केवल औपचारिकता बनकर रह गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता स्वयं कार्यक्रम की अधूरी तैयारियों को पूरा करते नजर आए, जिससे उन्हें मानसिक पीड़ा हुई। इस पर चेयरपर्सन हाजरा बेगम ने भी जवाब देते हुए पलटवार किया, जिससे मौके पर मौजूद लोग हतप्रभ रह गए।
कार्यक्रम में पूर्व चेयरमैन देवेंद्र गुप्ता, सुशील बाबू गुप्ता, कमलेश गुप्ता, अरुण यादव, व्यापार मंडल अध्यक्ष सौरभ गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि, सभासद एवं पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।
