• Sun. Apr 26th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

होमगार्ड परीक्षा का जिलाधिकारी व पुलिस कप्तान ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

ByTen News One Desk

Apr 26, 2026
7 Views

होमगार्ड परीक्षा का जिलाधिकारी व पुलिस कप्तान ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा


टेन न्यूज़ ii 26 अप्रैल 2026 ii रामजी पोरवाल ब्यूरो
औरैया। उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वैदिक टेक्निकल एवं औद्योगिक इंटर कॉलेज दिबियापुर, जनता इंटर कॉलेज ककोर बुजुर्ग तथा चौधरी विशम्भर सिंह भारतीय इंटर कॉलेज में व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक प्रक्रिया से संबंधित टीम से भी जानकारी प्राप्त की।

इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति को परखा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहें और उनकी सतत निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने केंद्रों पर भ्रमणशील रहकर निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अविनाश चन्द्र मौर्य, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!